Tuesday 22 December 2015

भाजपाई दिखाएंगे वाजपेयी से मोदी तक की सुशासन यात्रा

-अटलबिहारी के जन्मदिन 25 से 31 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह
-केंद्र से आए पिछली व मौजूदा राजग सरकारों की उपलब्धियों के वीडियो
राज्य ब्यूरो, लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 से 31 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह के रूप में मनाने का फैसला लिया है। इस दौरान हर जिले में विशेष आयोजन कर वाजपेयी से मोदी तक की सुशासन यात्रा दिखाई जाएगी। इसके लिए केंद्र से पिछली व वर्तमान राजग सरकार की उपलब्धियों के वीडियो भेजे गए हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन वैसे भी भारतीय जनता पार्टी हर वर्ष मनाती रही है। इस बार 25 दिसंबर को तो सभी जिलों में भाजपा कार्यकता सुशासन दिवस के रूप में मनाएंगे, ही उसके बाद पूरे एक सप्ताह तक विशेष आयोजन होंगे। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भी होने हैं, ऐसे में प्रदेश में इन आयोजनों को लेकर पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व भी गंभीर है। यही कारण है कि रविवार को दिल्ली में हुई बैठक में पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल को जिलावार आयोजनों पर सीधी नजर रखने को कहा गया है। बंसल ने बताया कि 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में सुशासन सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान हर जिले में अलग-अलग कार्यक्रम होंगे, जिनमें कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता का जुड़ाव भी सुनिश्चित किया जाएगा। क्षेत्रवार पार्टी के बड़े नेताओं के कार्यक्रम अलग-अलग जिलों में लगाए जाएंगे। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के सुशासन और मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को मिलाकर जनता को सीधे जोड़ा जाएगा। उन्हें दस-दस मिनट के दो वीडियो दिखाए जाएंगे, जिनमें अटल सरकार की उपलब्धियों के साथ मोदी सरकार की अब तक की तमाम योजनाओं का ब्योरा होगा। कार्यकर्ताओं को श्रेष्ठ भारत की ओर, सुशासन के रास्ते बेहतर जिंदगी के वास्ते जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियां बताई जाएंगी। इनमें देश में डेढ़ करोड़ एलईडी बल्बों का वितरण, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, सुकन्या, मुद्रा बैंक जैसी योजनाओं के साथ स्वच्छता अभियान पर जोर दिया जाएगा। रोज 18 किलोमीटर सड़क निर्माण को अगले साल तक बढ़ा तीस किलोमीटर रोज करने सहित भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

No comments:

Post a Comment