Saturday 22 August 2015

एक स्वयंसेवक की गुरुदक्षिणा भी है यह योग दिवस

--जागरण विशेष--
-21 जून को संघ के संस्थापक डॉ.हेडगेवार की 75वीं पुण्यतिथि
-स्वयंसेवक प्रसन्न, योग-व्यायाम को मानते शाखाओं का मूल तत्व
डॉ.संजीव, लखनऊ
21 जून अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस के रूप में मनाया जाएगा। दुनिया भर में इसकी चर्चा है, पर यह दिन देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे एक स्वयंसेवक की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक को श्रद्धांजलि व संगठन को गुरु दक्षिणा भी है। 21 जून संघ के संस्थापक डॉ.हेडगेवार की 75वीं पुण्यतिथि है। इस दिन योग दिवस होने से संघ के स्वयंसेवक खासे प्रसन्न हैं। उनका मानना है कि योग-व्यायाम तो संघ की शाखाओं का मूल तत्व है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संघ के स्वयंसेवक ही नहीं, प्रचारक भी रहे हैं। उन्हें प्रधानमंत्री बनवाने में संघ की भूमिका से कोई इनकार भी नहीं करता। ऐसे में जब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग को लेकर प्रधानमंत्री ने मुहिम चलाई और सैद्धांतिक स्तर पर संयुक्त राष्ट्र ने भी वर्ष का एक दिन दुनिया भर में योग दिवस के रूप में मनाए जाने का फैसला लिया, तो उसकी तारीख पर मंथन हुआ। स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए पहल की थी, तो निश्चित रूप से तिथि तय करने में भी भारत की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता है। इसके बाद जब 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित हुआ तो संघ के स्वयंसेवक खासे प्रसन्न हुए। यह दिन संघ के स्वयंसेवकों के लिए पहले ही खासे महत्व का रहा है। 21 जून 1940 को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक व पहले सर संघ चालक डॉ.केशवराव बलिराम हेडगेवार का निधन हुआ था। इस वर्ष उनकी 75वीं पुण्यतिथि है। संघ के स्वयंसेवकों का मानना है कि संघ की शाखाओं में आज भी सूर्य नमस्कार अवश्य होता है और योग पर पूरा जोर दिया जाता है। ऐसे में वे इसे प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे एक स्वयंसेवक की श्रद्धांजलि और गुरु दक्षिणा मान रहे है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे डॉ.मधुसूदन गर्ग का मानना है कि डॉ.हेडगेवार ने देश की रक्षा के लिए शरीर की मजबूती को माध्यम बनाया। इसलिए शाखाओं में योग-व्यायाम को महत्व दिया जाता है। वे इसे चरित्र निर्माण व राष्ट्रनिर्माण का माध्यम मानते थे। ऐसे में स्वयंसेवकों को निश्चित रूप से खुशी है कि उनकी पुण्यतिथि के दिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाया जाएगा। बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक रहे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा डॉ.हेडगेवार की पुण्यतिथि के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस होने को एक सुखद संयोग करार देते हैं। उनका कहना है कि डॉ.हेडगेवार की 75वीं पुण्यतिथि से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत होना निश्चित रूप से एक ऐसे महापुरुष को सच्ची श्रद्धांजलि है जिसने विचार व व्यायाम से देश को मजबूती की राह दिखाई थी।
हिन्दू स्वयंसेवक संघ कर रहा 10 देशों में आयोजन
दुनिया भर में स्वयंसेवक योग दिवस के कार्यक्रमों से जुड़ भी रहे हैं। संघ की अंतर्राष्ट्रीय विंग हिन्दू स्वयंसेवक संघ ने अमेरिका, इंग्लैंड, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, फिनलैंड, इटली, फ्रांस, नीदरलैंड व नार्वे में योग दिवस के कार्यक्रमों के आयोजन की घोषणा की है। अमेरिका के संघ चालक वेद नन्दा कहते हैं योग का आयोजन संघ की शाखाओं का मूल तत्व है। इसीलिए हम पूरे अमेरिका में योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment