Monday 31 August 2015

यूपी में भी भाजपा से हिस्सा मांगेगी लोजपा

-भाजपा की तर्ज पर कामकाज के लिए प्रदेश को बांटा
-77 सीटों पर दावेदारी, मजबूत सीटें हो रहीं चिह्नित
राज्य ब्यूरो, लखनऊ
केंद्र की सत्ता में साझीदार लोक जनशक्ति पार्टी उत्तर प्रदेश में भी भाजपा से हिस्सेदारी मांगेगी। पार्टी 77 सीटों पर अपनी दावेदारी को आधार बनाकर मजबूत सीटों को चिह्नित कर रही है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल भले ही दो साल बाकी है, किन्तु वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के लिए गतिविधियां तेज हो गयी हैं। केंद्र सरकार में भाजपा के साथ शामिल लोकजनशक्ति पार्टी बिहार ही नहीं, उत्तर प्रदेश में भी अपनी हिस्सेदारी मांगने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में उत्तर प्रदेश के कई नाम शामिल करने के साथ ही प्रदेश में संगठन मजबूती के लिए काली प्रसाद पाण्डेय को प्रदेश प्रभारी बनाया है। इसके अलावा प्रदेश में कामकाज का विकेन्द्रीकरण भी भाजपा की तर्ज पर किया गया है। भाजपा प्रदेश को आठ हिस्सों में बांटकर कामकाज का संचालन करती है, वहीं लोजपा ने प्रदेश को चार हिस्सों में बांटा है। इन चारो हिस्सों का मुख्यालय मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर व झांसी को बनाया गया है।
प्रदेश प्रभारी काली प्रसाद पाण्डेय के मुताबिक पार्टी बनारस व फैजाबाद में दलित सम्मेलन कर चुकी है। वहां दलितों की भागीदारी ने पार्टी को उत्साहित किया है। अब पूर्वांचल पर फोकस करते हुए गोरखपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन भी हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के अस्तित्व व प्रभाव को नकारा नहीं जा सकता। पार्टी के मुखिया राम विलास पासवान की अपनी लोकप्रियता भी उत्तर प्रदेश में जबर्दस्त है। ऐसे में यहां पार्टी अपनी पूरी हिस्सेदारी भाजपा से मांगेगी। लोजपा यहां जनता दल के दौर में 77 सीटों पर चुनाव लड़ चुकी है। ऐसे में प्राथमिक रूप से 77 सीटों पर तो दावेदारी बनती ही है, फिर भी पार्टी अपनी मजबूती वाली सीटें चिह्नित कर रही है। समय रहते राष्ट्रीय नेतृत्व के माध्यम से भाजपा को उन सीटों के बारे में जानकारी दे दी जाएगी, ताकि पार्टी वहां उम्मीदवार घोषित कर सके।

No comments:

Post a Comment